सोने चांदी के भावों में जर्बदस्त छाल, चांदी 3209 रु. बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर, सोना 469 रु. महंगा, जानिये ताजा रेट
बाजार के लिए यह खुशखबरी है। सोने और चांदी दोनों की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर जा चुकी हैं। इस सप्ताह लगातार दूसरे दिन घरेलू बाजार में सोने व चांदी के दाम बढ़े हैं। कोरोना संकट के बाद सराफा कारोबारियों के मुरझाए चेहरे फिर खिल उठे हैं। आज बुधवार, 22 जुलाई को चांदी के भावों ने घरेलू वायदा बाजार में 3209 रुपए का जबर्दस्त उछाल लेकर नया रिकॉर्ड बना दिया है। चांदी के भाव आज 60 हजार 551 रुपए प्रति किलो के उच्चतम स्तर पर ट्रेंड कर रहे थे। इसके साथ ही सोने के दाम में भी 469 रुपए की तेजी आ गई है। इसके बाद अब सोने का वायदा भाव 50 हजार 127 रुपए हो गया है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर आज सुबह 9 बजकर 12 मिनट पर आगामी 4 सितंबर के लिए चांदी का वायदा भाव 60 हज़ार 551 रुपए प्रति किलो पर ट्रेंड कर रहे थे। इसी तरह 4 दिसंबर 2020 के लिए चांदी की वायदा कीमत आज सुबह 5.39 प्रतिशत या 3 हज़ार 155 रुपये के बड़े उछाल के साथ 61 हज़ार 709 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहे थे।
जहां तक सोने की बात है, आज सुबह सोने का वायदा भाव भी उच्च स्तर पर थे। एमसीएक्स एक्सचेंज पर आगामी 5 अगस्त, 2020 के लिए सोने के वायदा दाम आज सुबह 9 बजकर 22 मिनट पर 469 रुपए की बढ़त ले चुके थे और 49 हजार 996 रुपए प्रति दस ग्राम पर ट्रेंड कर रहे थे। इसी तरह आगामी 5 अक्टूबर के लिए सोने का वायदा भाव 50 हजार 127 रुपए प्रत दस ग्राम पर था। इसे सोने का अभी तक का उच्चतम स्तर माना जा रहा है।
इंटरनेशनल मार्केट में भी सोना हुआ महंगा
वैश्विक बाजार में भी सोने के दामों में बड़ी तेजी देखने को मिली है। ब्लूमबर्ग के अनुसार आज बुधवार सुबह कॉमेक्स पर सोने की वायदा प्राइज़ 0.71 प्रतिशत या 13.10 डॉलर की बढ़त के साथ 1,857 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड में थी। सोने की वैश्विक हाजिर कीमत इस समय 0.83 प्रतिशत या 15.20 डॉलर के इजाफे के साथ 1,857.11 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड में थीं।
वैश्विक बाजार में चांदी के दाम
सोने की तरह ही चांदी के वैश्विक दामों में आज बड़ी तेजी दर्ज की गई है। चांदी का वैश्विक वायदा दाम कॉमेक्स पर आज सुबह 5.26 प्रतिशत या 1.13 डॉलर की भारी बढ़त के साथ 22.69 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड में था। चांदी की वैश्विक हाजिर कीमत इस समय 5.16 प्रतिशत या 1.10 डॉलर की तेजी के साथ 22.40 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड में थी।
ऐसे तय होती हैं वायदा कीमतें
सोने का व्यापार मुख्य रूप से दो प्रकार का होता है। पहला वायदा बाजार और दूसरा हाजिर बाजार। वायदा बाजार को कमोडिटी एक्सचेंज भी कहा जाता है। इस बाजार में किसी चीज का कारोाबार ऑनलाइन या डिजिटली भी होता है। इसे फ्यूचर मार्केट या फ्यूचर प्राइज भी कहते हैं। इस बाजार में धातु के नए और पुराने दामों के आधार पर निकट भविष्य के सौदे तय किए जाते हैं। खास बात यह है कि इस बाजार में एक निश्चित तारीख तक के लिए ही सौदे तय होते हैं। वायदा बाजार सीधे तौर पर हाजिर बाजार को प्रभावित करता है। जहां तक हाजिर बाजार की बात है, इसमें वस्तु की कीमत में अधिक अंतर नहीं आता है।