24 घंटे में 9838 संक्रमित बढ़े, अब देश में 2 लाख 26 हजार 713 मामले; मरीजों के मामलों में छठवें से सातवें नंबर पर आया मध्य प्रदेश
नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या 2 लाख 26 हजार 713 हो गई। Covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 9838 नए मामले सामने आए। इससे पहले बुधवार को भी 9638 मरीज मिले थे। महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 77 हजार, तमिलनाडु में 27 हजार और दिल्ली में 25 हजार के पार पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार सुबह अलग आंकड़े दिए। इसके मुताबिक, 24 घंटों में 9,851 मामले सामने आए और 273 लोगों की मौत हुई। इसके साथ देश में अब तक 2 लाख 26 हजार 770 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 1 लाख 10 हजार 960 एक्टिव केस हैं और 1 लाख 9 हजार 462 ठीक हो चुके हैं। वहीं, 6348 लोगों की मौत हुई है।
देश में मध्य प्रदेश संक्रमितों के मामलों में छठवें से सातवें नंबर पर आ गया है। पहले महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश आगे थे। लेकिन पिछले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ। उसने मध्य प्रदेश को पीछे छोड़ दिया। उधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पूरे देश की तुलना में मध्य प्रदेश में लगभग 2% नए संक्रमित मरीज पाए गए हैं, जबकि पहले यह 8% तक थे। राज्य का रिकवरी रेट 64.3% हो गया है, जबकि देश 47.9% है।
महाराष्ट्र में अब तक एक दिन के सबसे ज्यादा मामले
महाराष्ट्र में गुरुवार को 2933 केस सामने आए। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यानी कल संक्रमितों में 14.57% का इजाफा हुआ। इससे पहले बुधवार को 2560 केस आए थे। उधर, देश में मौतों में भी तेजी से इजाफा होता जा रहा है। गुरुवार को 274 मौतें हुईं। इसके साथ देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 2710 हो गई है। पिछले साथ दिन से देश में 200 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है।