19 सीटों पर वोटिंग जारी; 2 प्रदेशों की 5 सीटों पर बिना विरोध कैंडिडेट चुने गए, गुजरात की 4 में से 1 सीट पर कांटे की टक्कर
नई दिल्ली. राज्यसभा की 19 सीटों के लिए 8 राज्यों में वोटिंग जारी है। यह शाम 4 बजे तक चलेगी। शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। दस राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर भी चुनाव होना था, लेकिन 2 राज्यों की 5 सीटों पर बिना विरोध कैंडिडेट चुन लिए गए। गुजरात की 4 में से 2 सीटों पर भाजपा और 1 पर कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही है। 1 सीट पर पेंच फंसा है।
विधायकों के आंकड़ों के हिसाब से मध्यप्रदेश की 3 सीटों में से 2 पर भाजपा की जीत पक्की मानी जा रही है। एक सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है। राजस्थान में भी 3 सीटों पर चुनाव हैं। इनमें से 2 पर कांग्रेस और 1 पर भाजपा की जीत लगभग तय है।
कोरोना पॉजिटिव विधायक सबसे अंत में करेंगे मतदान, पहनेंगे पीपीई किट
कोरोना पॉजिटिव कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी पीपीई किट में मतदान के लिए सबसे अंत में आएंगे। इनका मतपत्र भी अलग लिफाफे में रखा जाएगा और सबसे अंत में इसे गिनती में शामिल किया जाएगा। पहली बार विधानसभा परिसर के सेंट्रल हॉल में मतदान हो रहा है। हर विधायक को स्वास्थ्य की जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। इसके लिए तीन जगह स्वास्थ्य विभाग का दल तैनात किए गए हैं।