हैदराबाद की रेस में TRS आगे:नगर निगम की 150 सीटों पर वोटों की गिनती जारी, रुझानों में बहुमत के करीब दिखी भाजपा अब 40 पर
हैदराबाद नगर निगम चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। 150 सीटों के रुझान शुक्रवार सुबह 8 बजे आने शुरू हो गए। थोड़ी ही देर में भाजपा सबसे ज्यादा सीटों वाली पार्टी नजर आने लगी। एक समय उसे 79 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही थी और पिछले चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी रही तेलंगाना राष्ट्रवादी समिति (TRS) 35 पर सिमटी नजर आ रही थी। लेकिन, 5 घंटे के भीतर ही यानी करीब एक बजे खेल फिर पलट गया।
अब भाजपा 40 सीटों पर बढ़त है। TRS रेस में आगे हो गई है। उसे 44 सीटों पर बढ़त है। इसके अलावा असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM को 22 और कांग्रेस को 4 सीटों पर बढ़त है।
13 साल पहले ही GHMC का गठन हुआ था
इस बार 1 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। GHMC के 150 वार्डों पर 1,122 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव इस बार बेहद खास माने जा रहे हैं, क्योंकि भाजपा ने चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। 2007 में ही GHMC का गठन हुआ था।
इस बार शाह ने मोर्चा संभाला था
गृह मंत्री अमित शाह 29 नवंबर को हैदराबाद पहुंचे थे। वे चार मीनार पर स्थित भाग्यलक्ष्मी मंदिर गए और सिकंदराबाद में रोड शो किया था। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर TRS सरकार पर तीखा हमला बोला। कहा- चंद्रशेखर राव (KCR) जी से पूछना चाहता हूं कि आप ओवैसी की पार्टी से समझौता करते हैं, इससे हमें कोई दिक्कत नहीं है। लोकतंत्र में किसी भी पार्टी से समझौता या गठबंधन किया जा सकता है। दिक्कत है कि आपने एक कमरे में ईलू-ईलू करके सीटें बांट लीं।