शेयर बाजार नई ऊंचाई पर:सेंसेक्स 46666 और निफ्टी 13682 के रिकॉर्ड हाई पर बंद, BSE का मार्केट कैप भी पहली बार 185 लाख करोड़ के पार
मुंबई.चौतरफा खरीदारी से बुधवार को बाजार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ। सेंसेक्स 403.29 अंकों की शानदार बढ़त के साथ 46,666.46 पर ओर निफ्टी 114.85 अंक ऊपर 13,682.70 पर बंद हुआ। क्लोजिंग के लिहाज से दोनों इंडेक्स का यह हाईएस्ट लेवल है। रिकॉर्ड बढ़त के चलते BSE में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप भी पहली बार 185.01 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।
हालांकि, कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 46,704.97 और निफ्टी ने 13,692.35 के स्तर को टच किया। यह दोनों इंडेक्स का ऑलटाइम हाई लेवल है। आज बाजार की तेजी में मेटल और रियल्टी शेयरों की ज्यादा भागीदारी रही। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 5% और मेटल इंडेक्स 1.79% ऊपर बंद हुए हैं। इसके अलावा ऑटो और फार्मा शेयरों में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई।
स्टॉक्स अपडेट
आज BSE में बर्गर किंग के शेयर में खुलते ही अपर सर्किट लगा और अंत में शेयर 200 रुपए के करीब बंद हुआ है। इसके अलावा जेट एयरवेज का शेयर में भी अपर सर्किट लगने के बाद 101 रुपए के भाव पर बंद हुआ है। आज पंजाब नेशनल बैंक का शेयर 6.54% टूट कर 37.90 रुपए के भाव पर बंद हुआ है। दरअसल, बैंक ने सात हजार करोड़ रुपए के QIP के लिए 37.35 रुपए फ्लोर प्राइस तय किया है। इसका असर आज शेयरों पर भी रहा।
निफ्टी में हिंडाल्को और भारती एयरटेल के शेयरों में 2-2% की बढ़त रही। HDFC और डिविज लैब के शेयरों में भी 2-2% की तेजी दर्ज की गई। वहीं, ICICI बैंक का शेयर और इंडसइंड बैंक के शेयर 1-1% की गिराटव के साथ बंद हुए। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, गेल और NTPC के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए हैं। सुबह सेंसेक्स 310.14 अंक ऊपर 46,573.31 पर और निफ्टी 95.25 अंक ऊपर 13,663.10 पर खुला था।