राजगढ़ कलेक्टर और एसडीएम को हटाया गया; राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा की नियुक्ति रद्द की गई
भोपाल बुधवार 25 मार्च 2020 . भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट करने वाली राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता और एसडीएम प्रिया वर्मा को हटा दिया गया है। पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला से विवाद के कारण चर्चा में रहे रीवा नगर निगम कमिश्नर सभाजीत यादव का भी ट्रांसफर कर दिया गया है। निधि निवेदिता की जगह नीरज कुमार सिंह को राजगढ़ कलेक्टर बनाया गया है, जबकि सभाजीत की जगह अब अर्पित वर्मा रीवा नगर निगम कमिश्नर होंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ सरकार में निगम मंडलों में की गयी नियुक्तियों को भी निरस्त कर दिया है। राज्य महिला आयोग अध्यक्ष शोभा ओझा, पिछड़ा वर्ग आयोग में जेपी धनोपिया और बाल आयोग में अभय तिवारी की नियुक्ति भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।
कलेक्टर निधि निवेदिता ने भाजपा कार्यकर्ता को मारा था थप्पड़
राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता और एसडीएम प्रिया वर्मा को हटा दिया गया है। दोनों अफसर उस वक्त चर्चा में आए थे, जब सीएए के समर्थन में भाजपा की तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की थी। इन दोनों अफसरों के मारपीट करते हुए वीडियो भी वायरल हुए थे। उसी भीड़ के दौरान एसडीएम प्रिया वर्मा के साथ कार्यकर्ताओं ने बाल खींच दिए थे।
पूर्व मंत्री को सभाजीत यादव ने दिया था 5 करोड़ की मानहानि का नोटिस
रीवा नगर निगम आयुक्त सभाजीत यादव को भी हटा दिया गया है। उन पर पूर्व मंत्री व रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ला के साथ विवाद करने का आरोप है। निगम कमिश्नर सभाजीत यादव ने राजेन्द्र शुक्ला को 5 करोड़ का मानहानि का नोटिस भेजा था।
चीफ सेक्रेटरी को बदला
रात को शपथ ग्रहण के बाद मंगलवार की सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य के मुख्य सचिव गोपाल रेड्डी को हटाकर उनकी जगह इकबाल सिंह बैंस को मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया। हालांकि ये नियुक्ति स्थानापन्न के रूप में अस्थाई तौर पर की गई है। बैंस 1985 बैच के आईएएस अफसर हैं।