मालवा-निमाड़ अंचल से इन चेहरों को मिली मंत्रिमंडल में जगह
मालवा-निमाड़ अंचल के बड़वानी विधायक प्रेम सिंह पटेल, हरसूद विधायक विजय शाह, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, मल्हारगढ़ से विधायक जगदीश देवड़ा, सुवासरा से पूर्व विधायक हरदीपसिंह डंग, महू विधायक ऊषा ठाकुर को कैबिनेट मंत्री और शुजालपुर विधायक इंदर सिंह परमार को राज्यमंत्री बनाया गया है।
शुजालपुर से विधायक इंदर सिंह परमार बनें राज्यमंत्री
शाजापुर जिले के शुजालपुर विधानसभा सीट से विधायक इंदर सिंह परमार बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक से जुड़ गए थे। बाद में छात्र राजनीति में रुचि के चलते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े, 1989 से 1996 तक एबीवीपी में विभिन्न पदों पर रहते हुए उज्जैन संभागीय संघटन मंत्री बने, शाजापुर भाजपा जिला महामंत्री दो बार बने। एक बार प्रदेश मंत्री भी बने, वे साल 2013 में कालापीपल से पहली बार विधायक बने, 2018 में कालापीपल सीट छोड़कर शुजालपुर से दूसरी बार विधायक बने।
सुवासरा से पूर्व विधायक हरदीपसिंह डंग बने मंत्री
सुवासरा के पूर्व विधायक हरदीपसिंह डंग ने कांग्रेस से बगावत कर भाजपा सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पूर्व विधायक का राजनीतिक सफर सुवासरा में पंच से शुरू हुआ था फिर सरपंच बनकर भी सुवासरा में काफी काम किए। उसके बाद जिपं सदस्य बने, युवक कांग्रेस में पदाधिकारी रहे। 2008 के विस चुनाव में कांग्रेस ने उनको प्रत्याशी बनाया था।पर वे भाजपा के राधेश्याम पाटीदार से चुनाव हार गए। 2013 औ 2018 के विस चुनाव में ने भाजपा के राधेश्याम पाटीदार को हराकर डंग विधायक बने थे। अब फिर उप चुनाव में डंग भाजपा से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
हरसूद से विधाक विजय शाह को मिला कैबिनेट मंत्री का पद
भाजपा सरकार में चौथी बार केबिनेट मंत्री की शपथ लेने वाले विजय शाह कद्दावर आदिवासी नेता और हरसूद से विधायक हैं। सन 1990 में हुए नौवीं विधानसभा के चुनाव में शाह को भाजपा के विधायक के रूप में खंडवा जिले के हरसूद विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुना गया था। इसके बाद उनके जीत का सिलसला लगातार जारी है। 2018 के विधानसभा निर्वाचन में भी उन्हेंने इसी सीट से सातवीं बार जीत दर्ज की है। शाह को पहली बार 28 जून 2004 को उमा भारती के मंत्री मंडल में शामिल किया गया था। इसके बाद चार दिसंबर 2005 को शिवराजसिंह चौहान के मंत्री मंडल में मंत्री पद कायम रहा। इसके बाद 28 अक्टूबर 2009 को दूसरी तथा 21 दिसंबर 2013 में तीसरी बार शिवराजसिंह चौहान के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली थी। अब जुलाई 2020 में चौथी बार उन्हे कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।
मंदसौर के जावद से विधायक ओमप्रकाश सकलेचा बने कैबिनेट मंत्री
जावद विधानसभा से विधायक ओम प्रकाश सकलेचा को मंत्री बनाया गया है। उन्होंने जावद विधानसभा से चौथी बार जीत दर्ज की। पिता वीरेंद्र कुमार सकलेचा पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। क्षेत्र में ओमप्रकाश सकलेचा पहले विधायक जो लगातार चार बार विधायक बने। उनकी संघ और पार्टी में मजबूत पकड़ है, कांग्रेस सरकार गिराने में इनकी भी बड़ी भूमिका बताई जाती है।