बड़ा हादसा, मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में ट्रक पलटने से 5 मजदूरों की मौत, 11 घायल
नरसिंहपुर: रविवार, 10 मई 2020: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले की सीमा पर एक बड़े सड़क हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई। शनिवार देर रात नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी थाना क्षेत्र के पास आम से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि 11 मजदूर घायल हैं। चार मजदूरों के ट्रक के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। ट्रक में करीब 20 मजदूर सवार थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मौके पर क्रेन और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक आम के ट्रक में सवार 20 मजदूर में 11 मजदूर झांसी के रहने वाले हैं, जबकि 9 एटा के हैं। सभी मजदूर हैदराबाद से अपने घर जाने के लिए निकले थे। घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर दीपक सक्सेना और पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वहीं अपर कलेक्टर मनोज ठाकुर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश तिवारी जिला अस्पताल में मौजूद रहे।
शिवराज ने नरसिंहपुर में ट्रक हादसे में श्रमिकों की मृत्यु पर शोक जताया
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नरसिंहपुर जिले में एक ट्रक हादसे में पांच श्रमिकों की मृत्यु पर शोक जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा ‘नरसिंहपुर में ट्रक पलटने से हुए हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय काल कवलित और घायल होने के समाचार से अत्यंत दुखी हूं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि। घायलों के समुचित इलाज एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए मौके पर प्रशासन के उच्च अधिकारी उपस्थित हैं। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की करबद्ध प्रार्थना करता हूं।’