पिछले 24 घंटे में 9462 मरीज बढ़े, अब 2.36 लाख केस; संक्रमण के मामले में भारत इटली से आगे निकला, छठवें नंबर पर पहुंचा
नई दिल्ली. देश में पिछले 24 घंटों में 9462 कोरोना संक्रमित बढ़े। इसके साथ ही मरीजों की कुल संख्या 2.36 लाख से ज्यादा हो गई। इसके साथ संख्या के लिहाज से भारत कोरोना से बुरी तरह प्रभावित रहे इटली से आगे निकल गया है। https://www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक, भारत अब छठवें जबकि इटली सातवें स्थान पर है। इन आंकड़ों की मानें तो भारत में शनिवार सुबह तक 2 लाख 36 हजार 184 मामले थे। जबकि इसी दौरान इटली में यह आंकड़ा 2 लाख 34 हजार 531 था। हालांकि, मौतों के मामले में काफी अंतर है। भारत में 6 हजार 649 जबकि इटली में 33 हजार 774 लोगों ने दम तोड़ा है।कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित पांच देश अमेरिका, ब्राजील, रूस, स्पेन और ब्रिटेन हैं।
केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी शनिवार कोरोना के आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 9887 केस सामने आए। वहीं, 294 लोगों की मौत हुई। इस दौरान देश में संक्रमितों की संख्या 2 लाख 36 हजार 657 हो गई। इनमें 1 लाख 15 हजार 942 एक्टिव केस हैं। एक लाख 14 हजार 073 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 6642 लोगों की जान चली गई है।
पिछले हफ्ते एक्टिव केस में औसतन 0.3% की कमी
देश में लोग तेजी से ठीक भी हो रहे हैं, जिसके कारण एक्टिव केस (जिन मरीजों का इलाज चल रहा है) के बढ़ने की औसत दर में कमी होती नजर आ रही है। बीते हफ्ते हर दिन औसतन 4.6% की दर से केस बढ़े इससे पहले वाले हफ्ते में यह रफ्तार 4.9% थी, यानी इसमें 0.3% की गिरावट देखी गई।