दीपक बावरिया हटे, मुकुल वासनिक होंगे प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी
नईदिल्ली। गुरुवार, 30 अप्रैल 2020: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने आज मुकुल वासनिक को मध्य प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बना दिया है। वही इसके पहले दीपक बावरिया मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी थे। एक माह के अंदर मध्यप्रदेश कांग्रेस में बहुत ही उठापटक हुआ। कई विधायकों ने कांग्रेस छोड़ी और यहां तक कि राहुल गांधी के सहपाठी, सिंधिया भी कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए। इस उठापटक के चलते मध्यप्रदेश में कमलनाथ के मुख्यमंत्रित्व की कांग्रेस सरकार गिर गई। और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गई तथा शिवराज सिंह मुख्यमंत्री हो गए।
इसके पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत हुई थी और कमलनाथ मुख्यमंत्री थे।ऐसा बताया जा रहा है कि दीपक बावरिया ने स्वास्थ्य के कारणों को बताते हुए पद छोड़ने की पेशकश की थी. जिसे स्वीकार कर मुकुल वासनिक को मध्य प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है।
जबकि चर्चाओं में यह कहा जा रहा है कि दीपक बावरिया कांग्रेस की आंतरिक कलह एवं गुटबाजी से परेशान थे। अब उनके स्थान पर राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बनाया गया है। बावरिया ने मीडिया से चर्चा में बताया कि उन्हें हटाया नहीं गया, बल्कि उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव वेणुगोपाल ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है । वासनिक के पास पूर्व के प्रभार वाले राज्य भी बने रहेंगे।आपको याद दिला दे कि प्रदेश में आने वाले समय में 24 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव होना है। इसी उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा का भविष्य तय होना है।