कोरोना दुनिया में:वायरस के नए स्ट्रेन से हड़कंप; सऊदी ने एक हफ्ते के लिए इंटरनेशनल फ्लाइट्स रोकीं, बॉर्डर भी सील
एक तरफ दुनिया कोरोना वैक्सीन की राह देख रही है, लेकिन महामारी का खतरा अब भी कम नहीं हो रहा। ब्रिटेन में वैक्सीनेशन शुरू होने के बावजूद वायरस में म्यूटेशन (कोरोनावायरस का नया वैरिएंट) की बात सामने आई है। इसको देखते हुए सऊदी अरब सरकार ने इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर एक हफ्ते का प्रतिबंध लगा दिया है। सऊदी ने अपनी सीमाएं भी एक हफ्ते के लिए सील कर दी हैं।
सरकार की तरफ से कहा गया है कि जो लोग यूरोपीय देशों से सऊदी आए हैं, उन्हें दो हफ्ते के लिए सेल्फ आइसोलेशन में रहना होगा। वहीं जो लोग बीते 3 महीने में यूरोप या नए कोरोना स्ट्रेन वाले क्षेत्रों से आए हैं, उन्हें कोरोना टेस्ट कराना होगा। इस बीच, तुर्की ने भी ब्रिटेन, डेनमार्क, साउथ अफ्रीका और नीदरलैंड्स से आने वाली फ्लाइट्स पर अस्थाई रोक लगा दी है।
दुनिया में कोरोना के 7 करोड़ 71 लाख 69 हजार 359 केस हो चुके हैं। अच्छी बात ये है कि 5 करोड़ 40 लाख 88 हजार 483 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक महामारी से 16 लाख 99 हजार 560 लोगों की मौत हो चुकी है।
वायरस का नया रूप पहले से 70% ज्यादा खतरनाक हो सकता है
वायरस में लगातार म्यूटेशन होता रहता है, यानी इसके गुण बदलते रहते हैं। म्यूटेशन होने से ज्यादातर वेरिएंट खुद ही खत्म हो जाते हैं, लेकिन कभी-कभी यह पहले से कई गुना ज्यादा मजबूत और खतरनाक हो जाता है। यह प्रोसेस इतनी तेजी से होती है कि वैज्ञानिक एक रूप को समझ भी नहीं पाते और दूसरा नया रूप सामने आ जाता है। वैज्ञानिकों को अनुमान है कि कोरोनावायरस को जो नया रूप ब्रिटेन में मिला है वह पहले से 70% ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
UK में कड़े प्रतिबंध, 13 देशों ने ब्रिटेन की फ्लाइट्स रोकीं
UK में सरकार ने कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। लंदन में लोगों को घर से निकलने की मनाही हो सकती है। 13 यूरोपीय देशों फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्विट्जरलैंड, पुर्तगाल, बेल्जियम, ऑस्ट्रिया, बुल्गारिया, डेनमार्क, फिनलैंड, रोमानिया, क्रोएशिया और नीदरलैंड्स ने UK से आने वाली फ्लाइट्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, कनाडा ने UK से आनी वाली फ्लाइट्स पर 72 घंटे का बैन लगाया है।\