उपचुनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मी:भाजपा की 11 सीटों की वर्चुअल बैठक में सिंधिया ने कहा- जनता से पूछो, दिग्विजय-नाथ की जोड़ी पसंद या फिर भाजपा की टीम
भोपाल. भाजपा में उपचुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। रविवार को 11 सीटों की वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल हुए। सिंधिया ने अपने लोगों से कहा कि कांग्रेस इस दौरान घृणित राजनीति के साथ प्रहार करेगी। उन्हें ईंट का जवाब पत्थर से दें। कोविड प्रोटोकॉल के बीच हमें जनता को सरकार- सरकार का फर्क बताना होगा। उनसे पूछें कि क्या भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी वाली सरकार चाहती है या अच्छी। दिग्विजय और कमलनाथ की जोड़ी पसंद है या भाजपा की विकास को समर्पित संयुक्त टीम।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीत का पहला सूत्र है, जीतने का मन बनाना। इसलिए जीत का दृढ़ निश्चय करके चुनाव मैदान में उतरें। चुनाव में कई फैक्टर काम करते हैं, इसलिए स्थिति का ठीक से विश्लेषण करें। पूरी तरह से कांग्रेस पर टूट पड़ें और मन में कोई हिचक ना रखें। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि चुनाव व्यक्ति नहीं, भाजपा संगठन लड़ रहा है। विकास को मुद्दा बनाएं। जनता को यह समझाएं कि हमारी केंद्र व राज्य सरकारें विकास और जनता के हित के लिए क्या-क्या काम कर रही हैं।