उत्तराखंड, हिमाचल लेकर बिहार, असम तक जलप्रलय, भारी बारिश का अनुमान
देश के एक बड़े हिस्से में मौसम की मार देखने को मिल रही है। पहाड़ी राज्यों, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ ही बिहार, असम, पश्चिम बंगाल में लोगों को भारी बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए अगले 24 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट के साथ ही लोगों को नदियों से दूर रहने को कहा गया है। बिहार में बाढ़ का पानी दरभंग पॉवर ग्रिड में घुस गया है। इसका असर 14 जिलों में बिजली आपूर्ति पर पड़ा है। जानिए हर राज्य का अपडेट और देखिए फोटो वीडियो
बिहार: 10 प्रभावित जिलों के लगभग एक हजार गांव जल प्रलय की चपेट में हैं। सबसे अधिक प्रभावित जिलों में पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शेहर, सुपौल, किशनगंज, खगड़िया और समस्तीपुर शामिल हैं।चेवाड़ा थाना क्षेत्र के करण्डे गांव में वज्रपात से एक ही घर के चार व्यक्ति की मौत, जिसमें पति पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। रक्सौल अनुमंडल के हरदिया गांव में गुरुवार को बंगरी नदी में डूबने से एक युवक की मृत्यु हो गई। गोपालगंज में घोघारी तबाही मचा रही है. कई जगहों पर तटबंद टूटने से आसपास के इलाकों में पानी भर गया है। तेज बहाव की वजह से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
उत्तराखंड: पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण पहाड़ दरकने लगे हैं। बीते एक महीने में इसके वीडियो सामने आए हैं। चमोली में बद्रीनाथ हाईवे पर भूस्खलन हुआ और पहाड़ का हिस्सा नीचे आ गया। सड़कें बह जाने के कारण कई गांवों का सम्पर्क टूट गया है। एनडीआरएफ की टीम नियुक्त की गई है। सेना की भी मदद ली जा रही है।
अगले 24 घंटे देश में ऐसा रहेगा मौसम
स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान मानसून का सबसे उग्र प्रदर्शन केरल, तटीय कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और असम के कुछ हिस्सों में दिखेगा जहां भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत, अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, कोंकण गोवा, दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा के आसार हैं।